संवाददाता
उरई
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन-I) राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जनपद में 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस अभियान के तहत स्कूलों में संचालित बसों, वैन एवं अन्य वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों।
अभियान के प्रमुख बिंदु:
• फिटनेस जांच:
बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र एवं परमिट के चल रहे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
• सुरक्षा उपकरण:
वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, फर्स्ट एड बॉक्स एवं अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता और कार्यशीलता की जांच की जाएगी।
• दस्तावेज सत्यापन:
चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र अपडेट होना अनिवार्य है।
• ओवरलोडिंग पर सख्ती:
क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाने वाले वाहनों के खिलाफ चालान एवं सीज की कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधकों एवं वाहन स्वामियों को निर्देशित किया है कि वे अभियान अवधि के दौरान अपने वाहनों की फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करें।
साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को केवल सुरक्षित एवं मानक अनुरूप वाहनों से ही विद्यालय भेजें।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।