पुस्तक दान की अनूठी पहल: एआरटीओ ने पिता के जन्मदिन पर पुस्तकालय को भेंट की अलमारी व पुस्तकें डीएम बोले—पुस्तकें ही बच्चों को ज्ञान, संस्कार और एकाग्रता का सर्वोत्तम माध्यम संवाददाता

उरई / जालौन

उरई स्थित टाउनहॉल पुस्तकालय में एक प्रेरणादायक पहल के तहत एआरटीओ राजेश कुमार द्वारा अपने पिता अमरचन्द्र (पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष, ब्रह्मानन्द संस्कृत महाविद्यालय राठ, जनपद हमीरपुर) के जन्मदिन के अवसर पर पुस्तक अलमारी एवं सामान्य अध्ययन, भूगोल, यूजीसी नेट/जेआरएफ सहित विभिन्न विषयों की उपयोगी पुस्तकों का दान किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय भी उपस्थित रहे और इस सामाजिक पहल की सराहना की। उन्होंने अमरचन्द्र के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए इस कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चे मोबाइल, यूट्यूब और अन्य डिजिटल माध्यमों में अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं, ऐसे में पुस्तकों से जुड़ाव अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पुस्तकें न केवल ज्ञान का भंडार हैं, बल्कि बच्चों के मानसिक विकास, एकाग्रता और संस्कार निर्माण का सशक्त माध्यम भी हैं।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे पुस्तक दान जैसी सकारात्मक पहलों को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि गाय दान, दीप दान, वृक्ष दान की तरह पुस्तक दान भी अत्यंत पुण्यकारी है, लेकिन यह ज्ञान का प्रसार कर भविष्य को दिशा देने वाला सर्वोत्तम दान है।

यह पहल न केवल पुस्तकालयों को सशक्त बनाएगी, बल्कि नई पीढ़ी को पढ़ने के प्रति प्रेरित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में भी सहायक सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *