संचारी रोगों पर प्रहार: ‘दस्तक अभियान’ से घर-घर पहुंचेगा जागरूकता संदेश अप्रैल माह भर चलेगा विशेष अभियान, स्वच्छता व सतर्कता पर जोर

संवाददाता
उरई / जालौन

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं ‘दस्तक अभियान’ का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर उरई से हरी झंडी दिखाकर किया।

इस दौरान संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शपथ दिलाई गई और आमजन को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। जिला प्रशासन के निर्देशन में यह अभियान 01 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा, जबकि ‘दस्तक अभियान’ 10 से 30 अप्रैल तक विशेष रूप से चलाया जाएगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव, साफ-सफाई, मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम एवं समय पर उपचार के बारे में जागरूक करेंगी। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने के प्रयास किए जाएंगे।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, जलभराव न होने दें तथा किसी भी प्रकार के बुखार या लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी बीरेंद्र सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, मलेरिया विभाग, नगर निकाय एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *