सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी

1 से 30 अप्रैल तक चलेगा विशेष अभियान, 10 अप्रैल से शुरू होगा दस्तक अभियान

संवाददाता
कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यवहार अपनाकर संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया, चिकुनगुनिया और दिमागी बुखार जैसी मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई बेहद आवश्यक है। लोगों को अपने घरों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, जलजमाव न होने देने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी।

जिलाधिकारी ने लोगों को पूरी बाजू के कपड़े पहनने, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने तथा कूलर, पानी की टंकी, गमलों और पुराने टायरों में पानी जमा न होने देने की हिदायत दी। साथ ही कचरे को ढककर रखने और नालियों की नियमित सफाई पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के समन्वय से नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक भी करेंगी।

जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा, जबकि दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच संचालित किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. डी.के. सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. आई.एच. खान सहित अन्य चिकित्सक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा एवं एएनएम मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *