संवाददाता
कानपुर देहात
मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत दिनांक 29 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर पुलिस टीमों ने सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया। उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) की जानकारी भी दी गई। साथ ही UPCOP ऐप के उपयोग के बारे में बताते हुए पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त, महिलाओं को साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी प्रोफाइल/खातों से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई। साथ ही POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कानूनों के बारे में भी जागरूक किया गया।
पुलिस विभाग द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना एवं अपराधियों के प्रति सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।