संवाददाता
कानपुर देहात
पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान “मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत दिनांक 29 मार्च 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन कानपुर देहात स्थित सभागार कक्ष में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ की शुरुआत की गई।
इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को सुलझाकर बिखरे परिवारों को एक सूत्र में जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान कुल 35 मामले प्रस्तुत हुए, जिनमें प्रोजेक्ट नई किरण के सदस्यों द्वारा समझाने-बुझाने के बाद 4 परिवारों में आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इसके परिणामस्वरूप संबंधित पति-पत्नी पुनः खुशी-खुशी साथ रहने को तैयार हो गए। शेष मामलों में आगे की सुनवाई हेतु तिथि निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में महिला सहायता प्रकोष्ठ की टीम एवं प्रोजेक्ट नई किरण के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इसमें थानाध्यक्ष सुषमा, म0उ0नि0 ज्योति देवी, म0हे0का0 जयमाला, म0का0 दीपिका शर्मा, म0का0 रंजना सोनकर, म0का0 शिवम पाण्डेय, म0का0 पिंकी देवी सहित श्रीमती कंचन मिश्रा एवं श्रीराम प्रकाश का विशेष योगदान रहा।
पुलिस विभाग की इस पहल को समाज में पारिवारिक सौहार्द एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।