संवाददाता
उरई/जालौन
प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-05 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत ‘रन फॉर एंपावरमेंट’ दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। यह दौड़ पुलिस लाइन उरई से टाउन हॉल तक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, एमएलसी प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी तथा अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। सभी ने स्वयं दौड़ में भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया।
इस अवसर पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं और शासन-प्रशासन इस दिशा में निरंतर कार्यरत है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि जनपद में महिलाओं की सुरक्षा एवं स्वावलम्बन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न योजनाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिला सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन, जागरूकता कार्यक्रम एवं सतत निगरानी के माध्यम से सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से कानून का पालन करते हुए महिला सम्मान को सर्वोपरि रखने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। ‘रन फॉर एंपावरमेंट’ के माध्यम से जनपद में महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं सम्मान का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित हुआ, जो समाज को सकारात्मक दिशा देने का एक सराहनीय प्रयास है।