उरई/जालौन।
महिला परिवार परामर्श केंद्र द्वारा पारिवारिक विवादों को सुलझाने की दिशा में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 23 मार्च 2026 को परामर्श टीम के प्रयासों से 04 परिवारों के बीच आपसी समझौता कराकर उन्हें टूटने से बचाया गया।
केंद्र में वैचारिक मतभेद के चलते विवादों से जूझ रहे परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। महिला पुलिस अधिकारी एवं अन्य नामित सदस्यों द्वारा पति-पत्नी व उनके परिजनों के बीच काउंसलिंग कर आपसी मतभेद दूर कराने का प्रयास किया गया।
काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों ने भविष्य में आपसी विवाद से बचने, लड़ाई-झगड़ा न करने तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए साथ रहने का संकल्प लिया।
समझौता होने पर दंपत्ति जोड़ों को आपसी सामंजस्य बनाए रखने एवं परिवार को खुशहाल तरीके से चलाने के लिए आवश्यक सलाह भी दी गई।
परामर्श केंद्र की इस पहल से जहां परिवारों में खुशियां लौटीं, वहीं समाज में आपसी समझ और सौहार्द का सकारात्मक संदेश भी गया।