सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी सख्त, बोले—शिकायतों का निस्तारण हो समयबद्ध व पारदर्शी 07 शिकायतों का मौके पर समाधान, फरियादियों को मिली राहत

उरई/जालौन।
तहसील माधौगढ़ सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।

इस दौरान कुल 37 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 07 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को टीम बनाकर उसी दिन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम हसुपुरा निवासी मुन्ना लाल पुत्र काशी प्रसाद की लंबे समय से लंबित खतौनी त्रुटि की समस्या को जिलाधिकारी ने प्राथमिकता से लेते हुए मौके पर ही हल कराया। समस्या के समाधान के बाद फरियादी के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।

जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी मामलों का निष्पक्ष, संवेदनशील एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

साथ ही उन्होंने ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए गौशालाओं के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। प्रत्येक गौशाला में पर्याप्त भूसा, हरा चारा एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ कम से कम 10 कुंतल भूसा रिजर्व रखने तथा भूसे की जनपद से बाहर निकासी पर रोक लगाने को कहा।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि जनपद में कहीं भी पेयजल एवं बिजली की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर ली जाएं।

वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मारपीट, आपसी रंजिश एवं अन्य आपराधिक मामलों में निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, उप जिलाधिकारी राकेश सोनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *