मीगनी गौशाला का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष गोवंश संरक्षण को लेकर दिए सख्त निर्देश, निरंतर निगरानी पर जोर

उरई/जालौन।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने तहसील माधौगढ़ क्षेत्र स्थित मीगनी गौशाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गौशाला में संरक्षित गोवंश की स्थिति, चारा-पानी की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने गौवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ व चना भी खिलाया।

निरीक्षण में गौशाला में पर्याप्त भूसा, हरा चारा एवं शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों की सराहना की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गोवंश के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और व्यवस्थाएं हर समय उच्च स्तर की बनी रहनी चाहिए।

उन्होंने गौशाला परिसर में वृक्षारोपण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पशुओं को बेहतर वातावरण मिलेगा। साथ ही शासन की मंशा के अनुरूप गौशालाओं का संचालन पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित ढंग से किए जाने पर जोर दिया।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गौशाला की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *