उरई/जालौन।
चैत्र नवरात्र के मद्देनजर जनपद में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
शासन के निर्देशों के क्रम में आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ एवं जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
कार्रवाई के दौरान माधोगढ़ मुख्य बाजार स्थित सागर विश्नोई के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का नमूना तथा मोहित गुप्ता के प्रतिष्ठान से बेसन का नमूना लिया गया। वहीं उरई के राजमार्ग स्थित सोनी ट्रेडर्स से भी सरसों के तेल का नमूना संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया।
अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण किए जाते रहेंगे।
इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव एवं अनिल कुमार शंखवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।