उरई/जालौन।
भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी ने फील्ड ट्रेनर्स और संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का सटीक आकलन किया जाता है। इसलिए सभी कार्मिक पूर्ण जिम्मेदारी, सतर्कता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्व निभाएं।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण, डेटा संकलन की प्रक्रिया, डिजिटल उपकरणों के उपयोग और निर्धारित प्रपत्रों को सही ढंग से भरने की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, जनसामान्य से संवाद स्थापित कर सही और सटीक जानकारी प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
प्रथम बैच का प्रशिक्षण 18, 19 और 20 मार्च 2026 को तथा द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 23, 24 और 25 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को फील्ड में प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि जनगणना कार्य को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जा सके।
We use cookies