कानपुर देहात।
पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र हरीश चन्दर की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। इस दौरान जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में लंबित मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। डीआईजी ने निर्देश दिए कि विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, जिससे न्यायालयों में दोषसिद्धि की दर बढ़ाई जा सके।
अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही भू-माफियाओं एवं संगठित अपराधियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने पर बल दिया गया।
मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा करते हुए इसे और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।
महिला अपराधों को लेकर संवेदनशीलता बरतने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए वन-स्टॉप सेंटर एवं मिशन शक्ति केंद्र की सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बच्चों से संबंधित अपराधों—जैसे गुमशुदगी, बाल श्रम आदि—की समीक्षा कर बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को ऐसे मामलों में तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी हरीश चन्दर ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच मैत्रीपूर्ण और भरोसेमंद होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कार्य करने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे डीआईजी द्वारा दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखें। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन जनसुनवाई करने और फरियादियों के साथ विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन बिना किसी भय के अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रख सकें।
We use cookies