कानपुर देहात।
जनपद में 16/17 मार्च 2026 की रात्रि में थाना बरौर पुलिस टीम को गश्त एवं चेकिंग के दौरान ग्राम तारनपुर के चौकीदार द्वारा सूचना दी गई कि लगभग 4 वर्षीय एक बालक अकेले गांव में घबराया हुआ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस को एक छोटा बच्चा असहाय अवस्था में भटकता मिला। पुलिस टीम ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे की पहचान नहीं हो सकी। बालक घबराहट के कारण कोई जानकारी भी नहीं दे पा रहा था।
बच्चे की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस उसे सकुशल थाना बरौर ले आई, जहां महिला आरक्षी मनीषा सोनकर की देखरेख में उसे मिशन शक्ति केंद्र में भोजन कराया गया और आराम के लिए सुलाया गया। साथ ही मामले की सूचना उच्चाधिकारियों एवं चाइल्ड हेल्पलाइन को दी गई।
पुलिस टीम ने बच्चे की फोटो के माध्यम से आसपास के गांवों में लगातार तलाश अभियान चलाया। प्रयासों के परिणामस्वरूप बच्चे के परिजन मिल गए। बच्चे का नाम राज (उम्र 4 वर्ष) है, जो ग्राम हारामऊ थाना भोगनीपुर का निवासी है। उसके पिता बबलू ने बताया कि वह बच्चे को अपने रिश्तेदार के यहां ग्राम तारनपुर लेकर आए थे, जहां खेत में काम करते समय बच्चा उनसे बिछड़ गया।
पुलिस ने बच्चे को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। इस सराहनीय कार्य के लिए परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इस सराहनीय कार्य में शामिल पुलिस टीम—
थानाध्यक्ष अमिता वर्मा, उपनिरीक्षक रनजीत कुमार एवं हेड कांस्टेबल संजीव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।