संवाददाता : कानपुर देहात
उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के सुचारु और पारदर्शी संचालन के दृष्टिगत 15 मार्च 2026 को जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने जनपद के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्री कृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज, मुहम्मदपुर स्थित परीक्षा केंद्र का भ्रमण किया। इस दौरान अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित स्ट्रांग रूम और कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीलिंग प्रक्रिया तथा कंट्रोल रूम के माध्यम से की जा रही सतत निगरानी की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं सतर्कता और गंभीरता के साथ संचालित की जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।