ठगी और टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच अभियुक्त गिरफ्तार

संवाददाता : कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण और घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अकबरपुर पुलिस टीम ने ठगी और टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 हजार रुपये नकद, करीब 1.724 किलोग्राम पीतल की माला तथा 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को वादी फैयाज अली पुत्र निसार अली, निवासी वार्ड नंबर-2 शिवाजी नगर, कस्बा शिवली, थाना शिवली ने थाना अकबरपुर में लिखित तहरीर देकर बताया था कि सितंबर 2025 में उनकी शिवली कस्बे में स्थित कपड़े की दुकान पर एक अज्ञात महिला और दो पुरुष आए थे। कपड़े खरीदने के बाद उन्होंने खुदाई में मिले सोने-चांदी के जेवर सस्ते दाम में बेचने का झांसा दिया और विश्वास में लेने के लिए एक असली सोने का मनका जांच के लिए दिया।

मनका असली निकलने पर फैयाज अली उनके झांसे में आ गए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें थाना अकबरपुर क्षेत्र में पुल के पास बुलाया और फर्जी पीतल की माला को सोने की माला बताकर 10 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। बाद में जांच कराने पर माला पीतल की निकली। इस मामले में थाना अकबरपुर में मु0अ0सं0 0095/2026 धारा 318(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की विवेचना के दौरान 14 मार्च 2026 को थाना अकबरपुर क्षेत्र में बनार अलीपुर बम्बा पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस को पांच संदिग्ध व्यक्ति पेड़ों के नीचे खड़े दिखाई दिए। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर वे भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे समूह बनाकर विभिन्न कस्बों में घूमते हैं और दुकानदारों को विश्वास में लेकर खुदाई में मिले सोने के जेवर बेचने का झांसा देते हैं। असली सोने का एक मनका दिखाकर भरोसा जीतते हैं और बाद में पीतल की माला को सोने की बताकर ठगी कर लेते हैं। इसी तरीके से उन्होंने सितंबर 2025 में शिवली कस्बे के एक कपड़ा व्यापारी से 10 लाख रुपये ठगे थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों में

  1. पपिया उर्फ प्रभू पुत्र शंकर (25 वर्ष), निवासी ग्राम बन्थरा सिकंदरामऊ, थाना बन्थरा, जनपद लखनऊ

  2. मोहन पुत्र कन्हैयालाल (36 वर्ष), निवासी नवलपुरा, थाना खुर्जा सिटी, जनपद बुलंदशहर

  3. लाल सिंह पुत्र कन्हैयालाल (41 वर्ष), निवासी नवलपुरा, थाना खुर्जा सिटी, जनपद बुलंदशहर

  4. किशन उर्फ पिकला पुत्र मान सिंह (36 वर्ष), निवासी ग्राम छतईखेड़ा, थाना अजगैन, जनपद उन्नाव

  5. शांति देवी पत्नी स्व. लक्ष्मण सिंह (50 वर्ष), निवासी ग्राम छतईखेड़ा, थाना अजगैन, जनपद उन्नाव

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शांति देवी वर्ष 2014 में अपने पति की हत्या के मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल भी जा चुकी हैं।

अभियुक्तों के कब्जे से 1.724 किलोग्राम पीतल की माला, 21 हजार रुपये नकद, 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2 कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर चिकित्सीय परीक्षण के बाद नियमानुसार न्यायालय में पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *