मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने चामरी गौशाला का निरीक्षण, गौवंशों को गुड़-चना खिलाकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

संवाददाता | उरई/जालौन

मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे और जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने चामरी गौशाला का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने गौवंशों को स्नेहपूर्वक गुड़ और चना खिलाया तथा गौशाला में उनके रख-रखाव, चारे-पानी, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशाला में रह रहे गौवंशों के लिए भूसा, हरा चारा, स्वच्छ पेयजल, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गौवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने भी निर्देशित किया कि गौशाला का नियमित निरीक्षण किया जाए और समय-समय पर पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि चारा, भूसा एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता हमेशा बनी रहनी चाहिए।

निरीक्षण के पश्चात मंडलायुक्त ने ई-गवर्नेंस सेल में स्थापित गौशाला कमांड सेंटर का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि किसी भी गौशाला में भूसा-पानी की आपूर्ति में देरी होने पर तत्काल केयरटेकर से संपर्क कर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गौवंशों की देखभाल में कोई कमी न रहे।

इस अवसर पर, निराश्रित गोवंश संरक्षण, संवर्धन और प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट नवाचारों और अनुकरणीय कार्यों के लिए पशुपालन विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा वर्ष 2026 हेतु प्रदान किया गया प्रशस्ति पत्र मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे ने जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय को प्रदान किया।

मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी द्वारा जनपद में निराश्रित गौवंशों के संरक्षण एवं बेहतर प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह प्रकार के नवाचार अन्य जनपदों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *