जिलाधिकारी कपिल सिंह ने तहसील रसूलाबाद का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

संवाददाता | कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने तहसील रसूलाबाद का निरीक्षण कर तहसील परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव और राजस्व व जनसेवा संबंधी कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं एवं न्यायालयों का भ्रमण कर पत्रावलियों की स्थिति, लंबित प्रकरणों और कार्यालयीय कार्यप्रणाली का परीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

जिलाधिकारी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित संधारण पर विशेष बल देते हुए निर्देशित किया कि सभी पत्रावलियां श्रेणीबद्ध ढंग से संरक्षित की जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत उपलब्ध कराई जा सकें। रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वैज्ञानिक पद्धति से अभिलेख संरक्षण और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने नजारत शाखा और संग्रह अनुभाग में राजकीय अभिलेखों व सामग्रियों के रखरखाव की समीक्षा कर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, रजिस्ट्री कक्ष, अभिलेखागार, राजस्व निरीक्षक कार्यालय, खतौनी वितरण कार्यालय, उप निबंधक, संग्रह अनुभाग और आपूर्ति कार्यालय का निरीक्षण किया गया।

तहसील परिसर की स्वच्छता और सुव्यवस्था का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है

जिलाधिकारी ने आरके व उपजिलाधिकारी के पेशकार की कार्य प्रणाली संतोषजनक न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार को प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अनिवार्य जनसुनवाई आयोजित करने और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को समयपालन, जवाबदेही और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने हेतु भी निर्देशित किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, उपजिलाधिकारी रसूलाबाद, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *