निर्बल वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की पहल तेज
संवाददाता, उरई/जालौन
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित किए जा रहे मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। दीवानी न्यायालय परिसर से माननीय प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री सौरभ श्रीवास्तव तथा जनपद न्यायाधीश श्री विरजेंद्र कुमार सिंह ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शाम्भवी प्रथम ने बताया कि प्रस्तावित मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के निर्बल एवं वंचित वर्गों—दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति—को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना है। प्रचार वाहन के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर संबंधी सूचनाएं पहुंचाई जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल का लाभ उठा सकें।
शिविर में महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, निर्धन बीमा, असंगठित श्रम विभाग की योजनाएं, जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं सहित अन्य लोकोपयोगी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही आम नागरिकों की विधिक जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जाएगा।
इस दौरान जिला चिकित्सालय द्वारा दंत, नेत्र और सामान्य चिकित्सीय जांच के लिए विशेष मेडिकल कैम्प का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें। पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों का वितरण तथा शासन के सभी विभागों और बैंकों की योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे योजनाओं के लाभ हेतु संबंधित विभाग में आवेदन शिविर से पूर्व या शिविर के दिन भी प्रस्तुत कर सकते हैं। पूर्व में आवेदन कर चुके व्यक्ति अपनी रसीद और आवश्यक प्रपत्र साथ लाएं। शिविर में पहचान पत्र और योजना से संबंधित अन्य मान्य दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा, ताकि पात्र लाभार्थियों को त्वरित रूप से लाभ प्रदान किया जा सके।