जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में की जनसुनवाई, दिए आवश्यक निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा प्रत्येक प्रकरण के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का समाधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति से समय-समय पर अवगत कराया जाए, जिससे प्रशासन के प्रति जनसामान्य का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि पोर्टल पर प्राप्त किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।

जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद स्तर के समस्त अधिकारी, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (ज़ूम) के माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई एवं आईजीआरएस से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करते हुए आमजन को शीघ्र राहत प्रदान की जाए।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *