संवाददाता
कालपी (जालौन)।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर सोमवार की देर रात उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा नायब तहसीलदार द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की दो गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गौवंशों के संरक्षण, ठंड से बचाव एवं व्यवस्थाओं की गहनता से समीक्षा की तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
देर रात किए गए निरीक्षण में एसडीएम मनोज कुमार सिंह, बीडीओ अवधेश कुमार मिश्रा एवं नायब तहसीलदार जगदीश सुरक्षा ने कदौरा विकास खंड के मुर्रा गांव स्थित गौशाला पहुंचकर वहां मौजूद गौवंशों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गौवंशों के लिए चारा, भूसा, अलाव तथा ठंड से बचाव की व्यवस्थाएं देखी गईं।
अधिकारियों द्वारा गौशाला में भंडारण की स्थिति, पानी की टंकी एवं साफ-सफाई की भी गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान गौशालाओं में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। एसडीएम ने गौवंशों की गणना कराई और मौजूद कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं में सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं।
इसके उपरांत अधिकारियों ने कदौरा आलमपुर स्थित गौशाला का भी निरीक्षण किया, जहां चारा, भूसा, प्रकाश व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का जायजा लिया गया। एसडीएम ने कर्मचारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि गौवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ठंड के मौसम को देखते हुए अलाव, तिरपाल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि गौशालाओं में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त चारा-पानी और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहनी चाहिए। किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।