परिवार जागृति केंद्रों में 10 परिवारों का सुलह-समझौता, फिर एक हुए बिछड़े रिश्ते

पुलिस की पहल पर काउंसलिंग से सुलझे पारिवारिक विवाद, आपसी सहमति से परिवारों में लौटी खुशियां

संवाददाता
कानपुर देहात।

परिवारों में आपसी विवादों को सुलझाकर रिश्तों में विश्वास और सौहार्द कायम करने के उद्देश्य से रविवार को कानपुर देहात के विभिन्न सर्किलों में ‘परिवार जागृति’ विकेन्द्रित परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इन केंद्रों पर काउंसलिंग के माध्यम से 10 परिवारों के विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान अकबरपुर सर्किल के पुलिस लाइन, रसूलाबाद सर्किल के शिवली थाना, डेरापुर, भोगनीपुर और सिकंदरा थाना परिसरों में पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और संबंधित पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनकर निष्पक्षता, संवेदनशीलता और धैर्य के साथ काउंसलिंग की। आपसी संवाद के माध्यम से विवादों को सुलझाने और परिवारों को फिर से जोड़ने का प्रयास किया गया।

पुलिस के अनुसार, अकबरपुर सर्किल में चार, डेरापुर में चार, भोगनीपुर में एक और सिकंदरा सर्किल में एक परिवार के बीच समझौता कराया गया। इस प्रकार कुल 10 परिवारों के विवादों का सौहार्दपूर्ण निस्तारण हुआ। वहीं, शेष मामलों में काउंसलिंग जारी रखते हुए अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संचालित ‘परिवार जागृति’ केंद्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों का मानवीय दृष्टिकोण से समाधान करने पर जोर दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य परिवारों में संवाद, आपसी विश्वास और सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाकर रिश्तों को टूटने से बचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *