उरई में पुलिस मुठभेड़, 25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार

पैर में गोली लगने से आरोपी घायल, तमंचा, कारतूस, बाइक और दो मोबाइल बरामद

संवाददाता
उरई/जालौन।

जालौन जिले की कोतवाली उरई पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया है।

पुलिस के अनुसार, 17 और 18 अक्टूबर की मध्यरात्रि को पुलिस टीम करमेर रोड पर अंडरपास पुल के आगे नहर पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली उरई में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित आरोपी प्रदीप उर्फ गुड्डू (करीब 35 वर्ष), निवासी कस्बा व थाना सिरसाकलार, की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की गई।

पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा एक हीरो होंडा पैशन मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 620 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चोरी, अवैध असलहा रखने सहित विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। वह कोतवाली उरई में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *