विजय दशमी और मूर्ति विसर्जन को लेकर पुलिस अलर्ट, दुर्गा पंडालों का किया औचक निरीक्षण

अग्नि सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

संवाददाता
उरई/जालौन।

आगामी विजय दशमी पर्व एवं नवरात्रि मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने क्षेत्राधिकारी नगर राजीव शर्मा के साथ उरई नगर के प्रमुख दुर्गा पंडालों, रामलीला मैदानों और मंदिरों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अग्नि सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। मूर्ति विसर्जन मार्गों और रामलीला मैदानों में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ का सुचारु संचालन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूरे करने पर जोर दिया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विजय दशमी और मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जाए, ताकि सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *