मिलेट्स महोत्सव में किसानों को प्राकृतिक खेती के बताए फायदे

राकेश सचान और प्रतिभा शुक्ला ने किया जागरूक, लाभार्थियों को बांटे आयुष्मान कार्ड व बीज मिनी किट

संवाददाता
कानपुर देहात।

सेवा संकल्प अभियान के समापन पर शनिवार को माती स्थित ईको पार्क के सामुदायिक भवन में जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव एवं रबी गोष्ठी-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राकेश सचान और विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने किसानों को कृषि विकास, प्राकृतिक खेती और किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने तथा रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अनावश्यक प्रयोग से बचने की अपील की। गोष्ठी में प्रगतिशील किसान फूल सिंह ने मोटे अनाज के पोषण संबंधी लाभ बताए, जबकि पूर्व सूबेदार हरिशंकर ने जीवामृत, घनजीवामृत और बीजामृत के माध्यम से प्राकृतिक खेती की तकनीक समझाई।

लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड और बीज मिनी किट वितरित

कार्यक्रम में पांच लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, पांच टीबी मरीजों को पोषण किट और 20 प्रगतिशील किसानों को चना, राई व मसूर के प्रमाणित बीज मिनी किट वितरित किए गए। विभिन्न विभागों की ओर से विकास प्रदर्शनी और मिलेट्स स्टॉल भी लगाए गए, जिनके माध्यम से लोगों को योजनाओं और कृषि संबंधी जानकारियां दी गईं।

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि 17 और 24 अक्टूबर को मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। पात्र नागरिकों और एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करने की अपील की गई।

कार्यक्रम का समापन किसान कल्याण और ग्रामीण विकास के संदेश के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *