निर्वाचन कार्यों में पारदर्शिता और मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं देने के दिए निर्देश
संवाददाता
कानपुर देहात।
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह ने शनिवार को विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष कैंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर के बूथ संख्या 123, 124, 125 और 126 तथा संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 117, 118, 119 और 120 का निरीक्षण किया। उन्होंने हेल्प डेस्क सहित मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही निर्वाचन संबंधी कार्यों को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा मतदाताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बच्चों के साथ कैरम खेलकर बढ़ाया उत्साह
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर में छात्र-छात्राओं से संवाद किया और पढ़ाई-लिखाई के साथ विद्यालय की अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। बच्चों के बीच पहुंचकर उन्होंने उनके साथ कैरम भी खेला। इस दौरान उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, तहसीलदार अकबरपुर पवन, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बीएलओ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।