समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश, जनसमस्याओं को प्राथमिकता से निपटाने पर जोर
संवाददाता
कानपुर देहात
जनसामान्य की समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने लोगों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विकास कार्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, विद्युत, पेयजल, सड़क और पुलिस सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले का विभागवार संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से शिकायतों की गंभीरता के अनुसार प्राथमिकता निर्धारित कर उनका निस्तारण करने को कहा।
शिकायतों के समाधान में न हो अनावश्यक देरी
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण करें और निर्धारित समयावधि के भीतर उनका पारदर्शी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
संवेदनशीलता के साथ करें कार्रवाई
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी समाधान कर पीड़ितों को राहत पहुंचाना है।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराएं।