प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की लगातार 23 किस्तें पाने वाले किसानों को मिले प्रमाण-पत्र, कृषि यंत्रों पर अनुदान की भी दी गई जानकारी
संवाददाता
कानपुर देहात
शासन के सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत विकासखंड अकबरपुर में कृषि विभाग की ओर से कृषक जागरूकता एवं लाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान 43 पंजीकृत किसानों को सरसों की मिनीकिट निःशुल्क वितरित की गई, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की लगातार 23 किस्तें प्राप्त करने वाले 30 किसानों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम जिलाधिकारी कपिल सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसके मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि बउआ पांडेय रहे। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश कुमार अग्निहोत्री की मौजूदगी में किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
समय से बुवाई करें किसान, योजनाओं का उठाएं लाभ
जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडेय ने किसानों को रबी फसलों की बुवाई के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय कृषि बीज भंडारों पर विभिन्न फसलों के बीज निःशुल्क एवं अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपनी आवश्यकता और पात्रता के अनुसार बीज प्राप्त कर समय से बुवाई करने तथा सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक पंजीकृत किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत 20 अक्टूबर 2026 तक कृषि यंत्रों की बुकिंग करा सकते हैं। इससे पात्र किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
तिलहनी फसलों को बढ़ावा देने पर जोर
कार्यक्रम में कृषि अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और उत्पादन बढ़ाने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। सरसों की मिनीकिट वितरण का उद्देश्य किसानों को तिलहनी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना, कृषि उत्पादन बढ़ाना और उनकी आय में वृद्धि करने में सहयोग देना रहा।
कार्यक्रम का संचालन एडीओ (कृषि) प्रवीर सिंह सेंगर ने किया। मुख्य अतिथि बउआ पांडेय ने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं। उन्होंने पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की और उनका आभार जताया।
इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष शिवा पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार, कृषि विशेषज्ञ अमर सिंह पाल, विषय वस्तु विशेषज्ञ ब्रजेन्द्र सिंह, एडीओ (ग्राम्य विकास) हरीश कुमार राठौर, पूर्ति निरीक्षक गौरव राजपूत, बीज भंडार प्रभारी जयवीर सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।