डीएम कपिल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, सटीक और विश्वसनीय आंकड़े जुटाने पर जोर
संवाददाता
कानपुर देहात।
जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर बुधवार को राजकीय महाविद्यालय, अकबरपुर में तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कपिल सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी दुष्यंत कुमार मौर्य की मौजूदगी में दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय विकास से जुड़ी योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण आधार उपलब्ध कराती है। इसलिए जनगणना कार्य में सटीकता, गोपनीयता, निर्धारित प्रोटोकॉल और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।
उन्होंने प्रशिक्षुओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रियाओं, दिशा-निर्देशों और तकनीकी पहलुओं को गंभीरता से समझें। साथ ही, फील्ड में पूरी निष्ठा, सजगता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने प्रत्येक स्तर पर सही सूचनाओं के संकलन और जनगणना की विश्वसनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में जनगणना नोडल अधिकारी वर्तिका गुप्ता, राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य, संबंधित अधिकारी एवं प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।