राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनने का किया आह्वान
संवाददाता
कानपुर देहात।
सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड परिसर अकबरपुर में आयोजित कार्यक्रम में माटीकला कारीगरों एवं ग्रामोद्योग लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कुल 31 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया।
उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की योजनाओं के तहत 15 लाभार्थियों को माटीकला कारीगर प्रमाण-पत्र दिए गए। वहीं, उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की निःशुल्क टूलकिट वितरण योजना के अंतर्गत दोना-पत्तल मेकिंग मशीन एवं पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन के लिए चयनित 16 लाभार्थियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इस दौरान जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश कुमार अग्निहोत्री ने ग्रामीणों को विभाग की विभिन्न स्वरोजगार एवं रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग कर अपने कारोबार को आगे बढ़ाएं। स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सदर अकबरपुर आशीष मिश्रा, जिला विकास अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी अकबरपुर सुनील कुमार तिवारी, निदेशक आरसेटी मयंक कटियार सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।