समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादें, 77 शिकायतें दर्ज

क शिकायत का मौके पर निस्तारण, बाकी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। तहसील जालौन सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 77 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का महज औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में मौके पर वास्तविक स्थिति की जांच कर फरियादियों को प्रभावी राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस से संबंधित शिकायतों पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निष्पक्षता और गंभीरता के साथ जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुराने मामलों में भी कार्रवाई तेज

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान पूर्व में तहसील कोंच से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की भी जानकारी दी गई। नगर पालिका परिषद कोंच में नौकरी लगवाने के नाम पर धनराशि लेने की शिकायत के मामले में सफाई कर्मचारी प्रदीप कुमार को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर 28 सितंबर को निलंबित किया गया था। वहीं आउटसोर्सिंग कर्मचारी रामशरण गुप्ता से साक्ष्यों सहित दोबारा स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए त्रिसदस्यीय समिति का गठन किया गया है।

इसी प्रकार ग्राम देवगांव के चकरोड गाटा संख्या 406 से जुड़े मामले में राजस्व निरीक्षक लायक सिंह के स्पष्टीकरण और संबंधित अभिलेखों की जांच के बाद प्रकरण को जिलाधिकारी के अवलोकन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया गया है। दोनों मामलों में नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

इस दौरान एसडीएम राकेश सोनी, सीओ, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार, सीडीओ एच.एन. प्रसाद, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *