डीएम कपिल सिंह ने ट्रायेज इमरजेंसी, लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट और मैटरनल एचडीयू का किया शुभारंभ
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर ट्रायेज इमरजेंसी, लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट तथा मैटरनल एचडीयू का फीता काटकर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयगोविन्द तथा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
आपात स्थिति में मिलेगी त्वरित चिकित्सा सुविधा
नई व्यवस्थाओं के शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नई स्वास्थ्य सुविधाओं के शुरू होने से गर्भवती महिलाओं, माताओं और नवजात शिशुओं को बेहतर उपचार एवं निगरानी की सुविधा मिल सकेगी।
जिलाधिकारी ने अस्पताल की उपचार व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि अस्पताल आने वाली प्रत्येक महिला एवं शिशु के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता एवं सर्वश्रेष्ठ मां पुरस्कार में प्रतिभाग करने वाली महिलाओं एवं अन्य प्रतिभागियों को जिलाधिकारी ने प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रयासों, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं सकारात्मक सोच की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सुविधाएं जनसामान्य के लिए अधिक सुलभ, प्रभावी और सुरक्षित बनाई जाएं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, लाभार्थी महिलाएं एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।