खादी को बताया आत्मनिर्भरता, स्वदेशी भावना और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक
संवाददाता
अकबरपुर/कानपुर देहात
अकबरपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिलाधिकारी कपिल सिंह ने स्वराज आश्रम खादी भंडार, अकबरपुर पहुंचकर महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य भी मौजूद रहे।
खादी और ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने पर जोर
जिलाधिकारी ने महात्मा गांधी के स्वदेशी, स्वावलंबन और ग्रामोद्योग के विचारों को याद करते हुए कहा कि खादी महज एक कपड़ा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, स्वदेशी भावना और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों को अपनाने से स्थानीय कारीगरों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने खादी भंडार से वस्त्र एवं अन्य खादी उत्पादों की खरीदारी भी की। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक खादी और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के स्वदेशी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में खादी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गांधी जी के आदर्शों को जीवन में उतारने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश अग्निहोत्री, तहसीलदार अकबरपुर पवन कुमार सहित खादी भंडार के कर्मचारी मौजूद रहे।