गांधी-शास्त्री जयंती पर वाक रेस, डीएम ने दिखाई हरी झंडी

खिलाड़ियों ने दिखाया जोश, विजेताओं को मेडल व प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, माती में बालक-बालिका वर्ग की वाक रेस (पैदल चाल) प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी कपिल सिंह ने प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर किया।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य तथा अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह मौजूद रहे। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों और खेल संस्थानों से जुड़े खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और शानदार प्रदर्शन के साथ अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

विजेताओं को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास तथा टीम भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श युवाओं को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी, जिला युवा अधिकारी प्रिया तिवारी सहित खेल विभाग के प्रशिक्षक, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *