गांधी जयंती पर 15 पुलिसकर्मी पदकों से सम्मानित

सराहनीय सेवाओं के लिए मिला ‘अति उत्कृष्ट’ और ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’, एसपी ने दी बधाई

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। गांधी जयंती के अवसर पर कानपुर देहात पुलिस के लिए गौरवपूर्ण क्षण रहा। पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द परिसर में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से सराहनीय सेवाओं के लिए प्रदान किए जाने वाले ‘अति उत्कृष्ट सेवा पदक’ एवं ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ से जनपद में नियुक्त कुल 15 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया।

पुलिस अधीक्षक ने पदक प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों को पदक एवं सम्मान प्रदान करते हुए उनकी सेवाओं की सराहना की और सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कर्तव्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया गया कार्य पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

एसपी ने बढ़ाया पुलिसकर्मियों का उत्साह

एसपी ने सम्मानित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने पुलिसकर्मियों से जनसेवा के प्रति समर्पित रहकर उत्कृष्ट कार्य जारी रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक प्रेमचन्द्र शुक्ला सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

पदक प्राप्त करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान से पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *