तीन भैंस चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

1.05 लाख रुपये नकद, तमंचा-कारतूस और पिकअप बरामद; एक आरोपी फरार

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। मंगलपुर थाना पुलिस ने भैंस चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी की भैंसों को बेचने से प्राप्त 1.05 लाख रुपये नकद, एक देशी तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया गया है। पुलिस ने एक अन्य फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 25/26 सितंबर की रात ग्राम बहेरा निवासी भूपेंद्र सिंह के घर के बाहर बंधी तीन भैंसें चोरी हो गई थीं। मामले में 27 सितंबर को मंगलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आने की जानकारी दी।

मुखबिर की सूचना पर मंगलपुर पुलिस टीम ने 2 अक्टूबर को ग्राम भन्देमऊ जाने वाले तिराहे के पास से गुड्डू उर्फ गुड्डन निवासी खानपुर, औरैया, गुड्डन उर्फ इकरार निवासी दिबियापुर और वसीम निवासी भन्देमऊ, मंगलपुर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में चोरी की वारदात का खुलासा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी काला बच्चा उर्फ नौशाद के साथ मिलकर बहेरा गांव से तीन भैंसें चोरी की थीं। इसके बाद भैंसों को पिकअप में लादकर एक दलाल के माध्यम से बेच दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, बिक्री से मिली रकम चारों आरोपियों ने आपस में बांट ली थी। बरामद 1.05 लाख रुपये को पुलिस ने चोरी की भैंसों की बिक्री से प्राप्त शेष धनराशि बताया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी वसीम के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।

वहीं, फरार आरोपी काला बच्चा उर्फ नौशाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर उसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास दर्ज होने की भी जानकारी दी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मिलन सिरोही, उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिसौदिया, आरक्षी भीम सिंह, कुमरपाल, नरेन्द्र सिंह, विश्वप्रताप और आलोक कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *