आरटीओ चालान के नाम पर भेजी गई थी फर्जी APK फाइल, साइबर हेल्प डेस्क की कार्रवाई से पीड़ित को मिली राहत
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। साइबर ठगों ने आरटीओ चालान के नाम पर भेजी गई फर्जी .apk फाइल के जरिए एक व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खाते से करीब 5.84 लाख रुपये की रकम निकाल ली। पीड़ित की शिकायत पर थाना शिवली की साइबर हेल्प डेस्क ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 91,675.98 रुपये की धनराशि वापस उसके खाते में करा दी। शेष धनराशि की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम शेखूपुर निवासी मोहम्मद मोबिस पुत्र मोहम्मद रफीक के मोबाइल पर उसके मित्र के माध्यम से आरटीओ चालान से संबंधित एक APK फाइल भेजी गई थी। मोबिस ने जैसे ही फाइल खोली, साइबर ठगों ने उसके मोबाइल फोन तक अनधिकृत पहुंच बना ली। इसके बाद उसके बैंक खाते से करीब 5,84,000 रुपये निकालकर साइबर धोखाधड़ी की गई।
घटना के बाद पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद थाना शिवली की साइबर हेल्प डेस्क ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस के प्रयासों से 2 अक्टूबर 2026 को ₹91,675.98 की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने शिवली पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने की APK फाइलों से सावधान रहने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान नंबरों से प्राप्त किसी भी APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। आरटीओ चालान, बैंक, केवाईसी या अन्य किसी सरकारी सेवा के नाम पर भेजे गए संदिग्ध लिंक अथवा फाइल को खोलने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। ऑनलाइन ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।
धनराशि वापस कराने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार, कांस्टेबल अतुल कुमार एवं महिला कांस्टेबल प्रीति सोनकर शामिल रहीं।