स्वच्छता, पर्यावरण, नदी और जल संरक्षण का लिया संकल्प
संवाददाता
कानपुर देहात
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जनपद में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में प्रभागीय वनाधिकारी कानपुर देहात श्रीमती प्रोमिला के नेतृत्व में वन विभाग कार्यालय परिसर एवं लिंक रोड पर स्वच्छता श्रमदान अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी ने अधिकारी-कर्मचारियों के साथ स्वयं श्रमदान करते हुए साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मौजूद जनसामान्य ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और आसपास के क्षेत्र की सफाई की।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी श्रीमती प्रोमिला ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के आदर्श तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की भावना आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने लोगों से दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को अपने व्यवहारिक जीवन में अपनाने तथा स्वच्छ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा महापुरुषों के आदर्शों पर चलने की शपथ दिलाई गई। सभी ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण एवं जल स्रोतों की रक्षा करने और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी भोगनीपुर सर्वेश कुमार भदौरिया, क्षेत्रीय वन अधिकारी अकबरपुर बुद्ध प्रिय, जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति कानपुर देहात विवेक कुमार सैनी सहित वन विभाग का समस्त कार्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल स्वच्छता अभियान तक सीमित न रहकर महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को उनके आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।