विधिक जागरूकता शिविर में गुड टच-बैड टच, हेल्पलाइन 1098 और निःशुल्क कानूनी सहायता की दी जानकारी
संवाददाता
उरई/जालौन
उरई। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता अभियान के तहत दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, उरई में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट-2012, बाल अधिकार, व्यक्तिगत सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव और निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन शांभवी ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट-2012 के उद्देश्य एवं प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन अपराध, शोषण, उत्पीड़न और पोर्नोग्राफी जैसे अपराधों से संरक्षण प्रदान करने के लिए यह कानून बनाया गया है। उन्होंने बच्चों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी असहज या संदिग्ध परिस्थिति में बिना संकोच विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता लेने की अपील की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मनाली चन्द्रा ने बच्चों को आपात स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सेवा 112 का उपयोग करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी परेशानी को छिपाने के बजाय तत्काल माता-पिता, शिक्षक या संबंधित हेल्पलाइन को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
सिविल जज जूनियर डिवीजन अंकिता सिंह ने विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सोशल मीडिया पर निजी जानकारी, फोटो और व्यक्तिगत विवरण साझा करने में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के साथ-साथ बच्चों को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर भी समझाया।
सिविल जज जूनियर डिवीजन उरई प्रत्यूष प्रकाश ने पॉक्सो कानून के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि विधिक समस्या होने पर जनपद न्यायालय परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय से सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई।
सिविल जज जूनियर डिवीजन अनिरुद्ध सिंह ने पॉक्सो एक्ट के साथ लोक अदालत, सुलह-समझौता केंद्र और विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न सेवाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक शत्रुघ्न ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन पीएलवी महेश सिंह परिहार ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुमेशचंद्र मिश्रा, डीईओ दीपक नारायण, पीएलवी मनीषा चतुर्वेदी, महेश सिंह परिहार, महेन्द्र कुमार मिश्रा, योगेन्द्र सिंह तखेले, धर्मेन्द्र कुमार, रामदेव चतुर्वेदी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।