पानी पहुंचा, अब सड़कें भी संवरेंगी

जल जीवन मिशन के तहत 229 किमी सड़कों की होगी मरम्मत, 10 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान

संवाददाता
उरई/जालौन

जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण सड़कों की अब तस्वीर बदलने वाली है। जनपद जालौन में ‘पानी पहुंचा, अब सड़कें भी संवरेंगी’ अभियान के तहत 1 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक वृहद सड़क पुनर्स्थापना विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई शेष सड़कों की मरम्मत एवं दुरुस्तीकरण का कार्य तेजी से कराया जाएगा।

अभियान के तहत 1 अक्टूबर को जनपद के नौ गांवों—गुढ़ा खुर्द, जमरोही कला, करउना, सिमरिया, छानी अहीर, इकौना, मिझौना, तगारेपुर और निबरहना—में एक साथ सड़क पुनर्स्थापना का कार्य शुरू कराया गया। जल निगम (ग्रामीण) के अधिकारियों एवं संबंधित कार्यदायी संस्था की टीम ने मौके पर पहुंचकर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों के अनुसार, जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पेयजल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने के दौरान ग्रामीण सड़कों की खुदाई करनी पड़ी थी। जनपद में अब तक 1949 किलोमीटर सड़क पाइपलाइन बिछाने से प्रभावित हुई, जिसमें से 1720 किलोमीटर सड़क का पुनर्स्थापना कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं शेष 229 किलोमीटर सड़क को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है।

359 गांवों में पहुंच रहा पेयजल

जल निगम (ग्रामीण) द्वारा वर्तमान में जनपद जालौन के 359 गांवों में पेयजलापूर्ति की जा रही है। शेष गांवों में भी चरणबद्ध तरीके से पेयजल आपूर्ति शुरू करने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के अनुसार पाइपलाइन बिछाने और सड़क पुनर्स्थापना से संबंधित कार्यों का विवरण संकलित कर अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है।

ग्रामीण सीधे दर्ज करा सकेंगे शिकायत

यदि किसी गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत अब तक नहीं हुई है तो ग्रामीण जल सारथी ऐप के माध्यम से सड़क की फोटो और वीडियो भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत प्राप्त होने के बाद उसे संबंधित अधिकारियों के पास कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। इसकी निगरानी जल निगम (ग्रामीण) मुख्यालय स्तर से की जा रही है।

ग्रामीण पेयजल योजनाओं से संबंधित शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर 18001212164 तथा जालौन जल निगम कंट्रोल रूम नंबर 6306811938 पर भी संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने सड़क पुनर्स्थापना अभियान के लिए जल सारथी ऐप पर विशेष सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके माध्यम से ग्रामीण अपनी सड़क की स्थिति की फोटो और वीडियो के साथ जानकारी सीधे विभाग तक पहुंचा सकेंगे।

अभियान का उद्देश्य जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों को घर-घर पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ पाइपलाइन बिछाने से प्रभावित हुई सड़कों को भी जल्द से जल्द पूर्व स्थिति में बहाल करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *