1 अक्टूबर से संचारी रोग जागरूकता अभियान मिशन मोड में चलेगा, मतदाता जागरूकता के साथ महिलाओं और युवतियों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश
संवाददाता
उरई/जालौन
जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) की जिला सलाहकार समिति/समन्वय समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने, जनभागीदारी बढ़ाने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने वर्ष 2026-27 के लिए तैयार तीन माह की कार्ययोजना को मंजूरी देते हुए सभी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं को ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल से जोड़ा जाए। युवाओं को सामाजिक जागरूकता, खेल, स्वयंसेवा और अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने संबंधित विभागों को अपने कार्यालयों, संस्थानों, ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों, प्रशिक्षण संस्थानों और अन्य माध्यमों का उपयोग कर युवाओं तक ‘मेरा युवा भारत’ की योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए।
संचारी रोगों के खिलाफ मिशन मोड में चलेगा अभियान
बैठक में जिलाधिकारी ने 1 अक्टूबर 2026 से संचारी रोगों के प्रति जागरूकता अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए। संबंधित विभाग अपने संसाधनों और नेटवर्क के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें।
इसके साथ ही ‘मेरा युवा भारत’ के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान को विकासखंड से लेकर ग्राम स्तर तक व्यापक रूप से संचालित करने पर जोर दिया गया। अभियान में महिलाओं और युवतियों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
प्रत्येक कार्यक्रम के लिए नामित होगा नोडल अधिकारी
जिलाधिकारी ने वर्ष 2026-27 की तीन माह की कार्ययोजना के तहत प्रत्येक कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारी नामित करने तथा इसकी जानकारी संबंधित विभागों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला युवा अधिकारी सचिन ने वार्षिक कार्ययोजना के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा समिति के समक्ष प्रस्तुत की, जिस पर समिति ने सहमति प्रदान की।
युवाओं में आलोचनात्मक सोच और STEM गतिविधियों को बढ़ावा
बैठक में शिक्षा विभाग को निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण एवं कोचिंग संस्थानों में युवाओं के बीच आलोचनात्मक सोच, कृष्ण-अर्जुन संवाद तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (STEM) से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।
साथ ही इन गतिविधियों से संबंधित आंकड़ों और विवरण को संकलित कर उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया।
डिजिटल माध्यमों से होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
जिलाधिकारी ने ‘मेरा युवा भारत’ के कार्यक्रमों को अधिक से अधिक युवाओं और आमजन तक पहुंचाने के लिए डिजिटल प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने लिंक, फोटो, वीडियो और रील के माध्यम से सोशल मीडिया पर गतिविधियों को व्यापक स्तर पर साझा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ जनपद में संचालित गतिविधियों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाए।
वहीं जिला युवा कल्याण अधिकारी एवं जिला युवा अधिकारी को जनपद के खेल मैदानों और मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियमों का निरीक्षण कर एक माह के भीतर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ ‘मेरा युवा भारत’ की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा युवाओं को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एचएन प्रसाद, जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय, जिला युवा अधिकारी सचिन, सदर विधायक के प्रतिनिधि रविंद्र प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।