सेवा संकल्प मेले में उमड़ा ग्रामीणों का सैलाब, 43 आवास शिकायतों का मौके पर निस्तारण

माधौगढ़ में विधायक मूलचंद्र निरंजन ने किया शुभारंभ, योजनाओं की जानकारी के साथ ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ समाधान

संवाददाता
माधौगढ़/जालौन

माधौगढ़। विकासखंड माधौगढ़ में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा संकल्प मेले में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान कराना है।

मेले में कृषि, शिक्षा, पंचायत, ग्राम्य विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), समाज कल्याण, स्वास्थ्य और पशुपालन समेत विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और किसान इन स्टॉलों पर पहुंचे और सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और योजनाओं से मिलने वाले लाभ की जानकारी दी तथा कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया।

50 आवास शिकायतों में 43 का मौके पर निस्तारण

मेले में आवास योजना से संबंधित कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 43 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष सात मामलों में जांच कर पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

एनआरएलएम से संबंधित प्राप्त सभी पांच शिकायतों का भी मौके पर समाधान कराया गया। वीबीजी-रामजी से जुड़ी पांच शिकायतों में चार का निस्तारण किया गया। वहीं पेंशन से संबंधित सभी 25 प्रार्थना पत्रों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका निस्तारण कराया गया।

लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और आवास की चाबियां वितरित

कार्यक्रम के दौरान विधायक मूलचंद्र निरंजन ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर एक महिला की गोदभराई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। इसके अलावा आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं आवास की चाबियां वितरित की गईं।

एनआरएलएम के तहत उल्लेखनीय योगदान देने वाली बैंक सखी, आजीविका सखी एवं समूह सखी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना उद्देश्य

विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अभियान के तहत आयोजित होने वाले मेलों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी लें और अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।

इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि महेश सिंह राजावत, ब्लॉक प्रमुख मोहित कुमार, मंडल अध्यक्ष कमलापत कुशवाहा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरौली रविंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी माधौगढ़ संदीप मिश्रा समेत ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, एनआरएलएम समूहों की महिलाएं, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *