रोजगार मेले में 20 अभ्यर्थियों का चयन, चयनित युवाओं को मिले ऑफर लेटर

सेवा संकल्प अभियान के तहत उरई आईटीआई में मोटीवेशनल प्रोग्राम, कैरियर काउंसलिंग एवं रोजगार मेले का आयोजन

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) उरई में सोमवार को मोटीवेशनल प्रोग्राम, कैरियर काउंसलिंग एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान युवाओं को रोजगार के अवसरों, कैरियर निर्माण तथा औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान उरई के प्रधानाचार्य मान सिंह भारती ने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया पूरी की। टेक्नीको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रतिनिधि शैलेन्द्र परिहार द्वारा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें 13 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

इसी क्रम में अरविन्द लिमिटेड, वाराणसी के प्रतिनिधि अतुल पाण्डेय द्वारा ऑनलाइन साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इस ऑनलाइन चयन प्रक्रिया में 7 महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ। इस प्रकार रोजगार मेले में कुल 20 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षार्थियों को रोजगार पाने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं व्यवहारिक कौशल विकसित करने, उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने तथा प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कैरियर काउंसलिंग के माध्यम से युवाओं को रोजगार के विभिन्न विकल्पों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी भी दी गई।

वहीं, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कालपी एवं माधौगढ़ में भी मोटीवेशनल प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में भी संस्थानों के प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार एवं बेहतर कैरियर के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला। संस्थान की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य आईटीआई प्रशिक्षार्थियों को उद्योगों से जोड़ना और प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *