सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

संवाददाता
कानपुर देहात

मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत रविवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रीमती श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपदीय थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूक किया गया। अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन एवं 1076 हेल्पलाइन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ उठाने के बारे में भी जानकारी दी गई।

पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग तथा फर्जी प्रोफाइल या खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए। लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया।

इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। इसमें POCSO एक्ट (बाल यौन शोषण से संरक्षण), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के बारे में बताया गया।

मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने की दिशा में यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त महसूस कराना तथा अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता बढ़ाना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने या उपरोक्त हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *