बकरी चराने गई ग्रामीण महिला ने रोने की आवाज सुनकर देखा तो झाड़ियों में पड़ी थी दुधमुंही बच्ची, परिजनों की तलाश जारी
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। थाना गजनेर क्षेत्र के मंगटा गांव के पास सड़क किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात नवजात दुधमुंही बच्ची के मिलने से हड़कंप मच गया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर बकरी चराने गई एक ग्रामीण महिला मौके पर पहुंची, जहां उसने नवजात बच्ची को झाड़ियों के बीच बिना कपड़ों के पड़ा देखा। ग्रामीण महिला ने तत्काल पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना देकर बच्ची की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई।
बकरी चराने गई महिला ने झाड़ियों में सुनी बच्ची के रोने की आवाज
जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव ने बताया कि दिनांक 18 सितंबर 2026 को थाना गजनेर के माध्यम से चाइल्ड हेल्पलाइन कानपुर देहात को अज्ञात नवजात दुधमुंही बालिका के मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची।
थानाध्यक्ष गजनेर के अनुसार, 18 सितंबर को लगभग अपराह्न तीन बजे एक ग्रामीण महिला बकरी चराने के लिए गई थी। इसी दौरान जमरेही-नहोली मार्ग पर मंगटा गांव के निकट खेतों के पास स्थित झाड़ियों से उसे नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर महिला झाड़ियों के पास पहुंची तो वहां एक नवजात बच्ची पड़ी हुई दिखाई दी। बच्ची बिना कपड़ों के थी। नवजात की स्थिति को देखते हुए ग्रामीण महिला ने बिना देर किए पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी।
चाइल्ड हेल्पलाइन ने बच्ची को लिया सुपुर्दगी में
सूचना मिलने के बाद पुलिस की मदद से चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने नवजात बच्ची को अपनी सुपुर्दगी में लिया। इसके बाद बच्ची को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजनेर (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण एवं प्राथमिक उपचार कराया गया।
चाइल्ड हेल्पलाइन की परियोजना समन्वयक रिचा तिवारी ने बताया कि बच्ची की स्थिति को देखते हुए न्यायपीठ बाल कल्याण समिति, कानपुर देहात को पूरे मामले की सूचना दी गई। समिति के आदेशानुसार बच्ची को बेहतर उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल के लिए जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है।
बच्ची के परिजनों की तलाश जारी
फिलहाल बच्ची के माता-पिता एवं अन्य परिजनों की पहचान नहीं हो सकी है। संबंधित विभाग एवं पुलिस द्वारा बच्ची के परिजनों की तलाश की जा रही है। बच्ची को आवश्यक चिकित्सा एवं संरक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला प्रोबेशन विभाग एवं चाइल्ड हेल्पलाइन ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस नवजात बच्ची के माता-पिता, परिजनों अथवा रिश्तेदारों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो तो वह तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।
जानकारी बाल कल्याण समिति कानपुर देहात, जिला प्रोबेशन कार्यालय कानपुर देहात अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर दी जा सकती है।
प्रशासन एवं संबंधित बाल संरक्षण इकाइयों द्वारा बच्ची की सुरक्षा, स्वास्थ्य और देखभाल को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।