सेवा से स्वावलंबन तक—जालौन में शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’

राजकीय मेडिकल कॉलेज में ‘सेवा दिवस—आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम, पात्र लाभार्थियों को मिलीं योजनाओं की सौगात

संवाददाता
उरई/जालौन।

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद जालौन में सेवा, सम्मान एवं स्वावलंबन की भावना को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई के ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सेवा दिवस—आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक घनश्याम अनुरागी, जिलाधिकारी समीर, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, अपना दल जिला अध्यक्ष अनिल कुदारी तथा भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष उर्विजा दीक्षित द्वारा किया गया।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही उन्हें रोजगार, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसरों से जोड़ना है। अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) द्वारा 3 प्रशस्ति पत्र, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा 50 स्वीकृति पत्र एवं 3 टूल किट प्रदान किए गए। उद्योग विभाग द्वारा 10 सिलाई मशीन एवं 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली लाभार्थियों को दी गईं।

इसी क्रम में कृषि विभाग द्वारा 15 स्प्रेयर एवं 2 कल्टीवेटर तथा उद्यान विभाग द्वारा 15 स्प्रिंकलर टूल वितरित किए गए। वहीं आईटीआई के माध्यम से 10 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ा गया।

कार्यक्रम में जनसेवा को विकास की आधारशिला बताते हुए लाभार्थियों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ पात्र लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।

‘जिसने जीवन संवारा, उन्हें आशीर्वाद हमारा’ की भावना के साथ आयोजित सेवा दिवस कार्यक्रम ने जनसेवा, सम्मान एवं स्वावलंबन के संदेश को मजबूती प्रदान की। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा को राष्ट्रसेवा से जोड़ते हुए समाज के अंतिम पायदान तक विकास और अवसर पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *