गूगल मीट के जरिए क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारियों से जुड़े, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
संवाददाता / उरई-जालौन
उरई। पुलिस अधीक्षक जालौन ने शुक्रवार को गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअली जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ ऑनलाइन जुड़कर थानों और पुलिस कार्यालयों में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को सुना।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का उचित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। संबंधित अधिकारी शिकायत की प्रकृति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें और फरियादियों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने का प्रयास करें।
वर्चुअल जनसुनवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारीगण अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े रहे और प्राप्त शिकायतों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रवैया अपनाने के निर्देश दिए।