संवाददाता
जालौन
जनपद जालौन के थाना कदौरा क्षेत्र के ग्राम ताहरपुर में भैंस बांधने को लेकर हुए मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना कदौरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ताहरपुर निवासी जगराम कुशवाहा (लगभग 70 वर्ष) और सगनू राईन (लगभग 70 वर्ष) के बीच भैंसों को बांधने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान जगराम कुशवाहा ने आक्रोश में आकर सगनू राईन के निजी अंग पर लात मार दी। चोट लगने के बाद सगनू राईन मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कदौरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कदौरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है। तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी कालपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में भैंस बांधने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की जानकारी मिली है। घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए सीएचसी कदौरा ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।