भोगनीपुर पुलिस ने दंपत्ति लूटकांड का किया सफल खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार लूटा गया मोबाइल, ₹6 हजार नकद, अवैध तमंचा, कारतूस एवं घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद, एक आरोपी फरार

संवाददाता
कानपुर देहात

जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के क्रम में थाना भोगनीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम हांसेमऊ में दंपत्ति के साथ हुई लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, अवैध तमंचा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर के पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को थाना भोगनीपुर क्षेत्र के ग्राम हांसेमऊ में एक दंपत्ति के साथ लूट की घटना हुई थी। इस संबंध में थाना भोगनीपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं पुलिस टीमों की सक्रियता के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था।

इसी क्रम में 28/29 जुलाई 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल दो आरोपी मोटरसाइकिल से मूसानगर की ओर से देवीपुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना भोगनीपुर पुलिस ने देवीपुर-मलासा रोड पर अकबरनगर गांव की ओर जाने वाले कच्चे मार्ग के पास घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ ही देर बाद पुलिस को एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों आरोपी मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए न्यूनतम बल का प्रयोग किया, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी रात के अंधेरे एवं भौगोलिक परिस्थितियों का लाभ उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुखरायां भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम रितिक उर्फ चिप्पा पुत्र राजेश, निवासी ग्राम हारामऊ डेरा, थाना भोगनीपुर, जनपद कानपुर देहात, उम्र लगभग 23 वर्ष बताया। उसने अपने फरार साथी का नाम सचिन पुत्र रामनाथ, निवासी रनियां डेरा, थाना भोगनीपुर बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दंपत्ति से लूटा गया एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, ₹6,000 नकद, एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की काले रंग की होंडा एसपी मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस पर फायरिंग, अवैध हथियार रखने तथा अन्य आपराधिक कृत्यों के संबंध में आरोपी के विरुद्ध थाना भोगनीपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में एक अन्य मुकदमा भी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध लूटकांड सहित अन्य आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार किए जाने का दावा किया गया है।

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली थाना भोगनीपुर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अतेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी पुखरायां अमरेन्द्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, गजेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल कुलदीप समाधिया, अमित कुमार, आरक्षी अमन कुमार, अलकेश, हेमन्त कुमार, आशीष यादव तथा चालक आरक्षी हर्ष चौधरी शामिल रहे।

कानपुर देहात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *