संवाददाता, कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में दिनांक 18 जून 2026 को सामुदायिक भवन, इको पार्क, माती में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विकास प्रदर्शनी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला (कृषि उत्पादकता गोष्ठी)” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीरज रानी, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, किसानों की आय में वृद्धि तथा कृषि क्षेत्र में नवाचारों के प्रसार पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने, आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग करने तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों की समृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान कानपुर देहात पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एक स्थायी मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किया गया, जहां महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से संबंधित विषयों पर जागरूक किया गया।
पुलिस विभाग की ओर से उपस्थित महिलाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181, 1076 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, महिला अधिकारों एवं आत्मरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।
कार्यक्रम के दौरान व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 अथवा स्थानीय पुलिस से संपर्क कर सहायता प्राप्त करें।
यह आयोजन विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने तथा महिला सुरक्षा एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।